
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला के ग्रामीण क्षेत्र के घाटशिला अनुमंडल के चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव में स्थित 32 बीघा जमीन पर चाकुलिया के पुराना बाजार निवासी एक व्यक्ति द्वारा गलत दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से भूमि पर कब्जा करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में पीड़ित परिवार के सदस्य देवब्रत सिंह ने चाकुलिया थाना में आवेदन देकर मामले की जांच कर संबंधित सरकारी कर्मी और दोषी व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. आवेदन में देवब्रत सिंह ने बताया है कि नगर पंचायत के पुराना बाजार निवासी माधव शरण सिंह, पिता बासुदेव सिंह द्वारा उनके पैतृक संपत्ति को गबन करने के उद्देश्य से गलत बंशावली बनाकर कुछ अंचल कर्मियों की मिलीभगत से गलत ढ़ंग से भूमि का म्यूटेशन करा लिया गया है जिसकी जांच की जाये. कहा है कि माधव शरण सिंह द्वारा उक्त संपत्ति की गबन करने के उद्देश्य से न्यायालय की शपथ पत्र दिया है जो गलत है. उनके द्वारा शपथ पत्र में झूठा लिखकर न्यायालय को भी गुमराह किया गया है. देवब्रत सिंह ने कहा है कि उक्त जमीन उनके नाम से खतियान में दर्ज है. उन्होंने माधव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है. इस संबंध में थाना प्रभारी रंजित उरांव ने कहा कि माधव सिंह के खिलाफ थाना में गलत दस्तावेज बनाकर भूमि हड़पने की शिकायत आई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी. विदित हो कि चाकुलिया में एक भू माफिया द्वारा अक्सर गलत तरीके से भूमि की खरीद बिक्री की जाती है.क्षेत्र में भूमि की खरीद बिक्री करने के कार्य में भूमाफिया सक्रिय है. अगर प्रशासन इस मामले में निष्पक्ष होकर जांच करे तो कई सरकारी कर्मचारी भी इस दायरे में आ सकते है. इन्ही सरकारी कर्मचारियों की मिली भगत से ही भूमाफिया अपना स्वार्थ सिद्ध करने में कामयाब होते है.




