चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड पंचायत समिति के सदस्यों ने प्रखंड के विभिन्न विभागीय पदाधिकारियों की अनुपस्थिति का विरोध करते हुए पंचायत समिति की बैठक का बहिष्कार कर दिया. पंचायत समिति सदस्य बैठक के लिए पहुंचे, किन्तु हमेशा की भांति अधिकांश विभागों के पदाधिकारी बैठक के लिए नहीं पहुंचे, जिसके विरोध में सदस्य बैठक से उठ कर चले गये. बता दें कि चाकुलिया प्रखंड कार्यालय के सभागार में पंचायत समिति सदस्यों एवं प्रखंड के अधिकारियों की गुरुवार को बैठक होनी थी. बैठक के लिए सभी पंचायत समिति सदस्य पहुंच गये और उनकी बैठक भी आरंभ हो गयी, किन्तु उसके काफी देर बाद तक प्रखंड के कई विभागों के पदाधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे. बैठक में पदाधिकारियों की कम उपस्थिति के मद्देनजर पंचायत समिति सदस्य इसका विरोध करते हुए बैठक का बहिष्कार कर बैठक हॉल से बाहर निकल गए. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय ने बताया कि अक्सर पंसस की बैठक में पदाधिकारियों की उपस्थिति ना के बराबर रहती है. उन्होंने बताया कि बैठक में जनता की समस्याओं को पंचायत के जन प्रतिनिधि किसके समक्ष रखेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके. उन्होंने कहा कि आज की बैठक का बहिष्कार कर इसकी सूचना जिला पंचायती राज पदाधिकारी और घाटशिला के एसडीओ को दूरभाष पर देकर बैठक से अनुपस्थित रहे पदाधिकारियों के प्रति कार्रवाई करने की मांग की है. इस संबंध में बीडीओ देवलाल उरांव ने कहा कि बैठक में पांच विभागों के पदाधिकारी अनुपस्थित थे जिस पर पंसस नाराजगी व्यक्त करते हुए सभागार से निकल गये. श्री उरांव ने कहा कि बैठक से अनुपस्थित रहे विभागों के पदाधिकारी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा. मौके पर प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, उप प्रमुख कविता साव, जिला परिषद सदस्य धरित्री महतो, पंसस बुबाई दास, सावना मांडी, राम बेसरा, राजेश्वर सरदार, मनोरंजन महतो, सानकी मांडी, नीलिमा पातर, बादली टुडू, मंजूरानी महतो, यशोदा गोप समेत अन्य पंचायत समिति सदस्य उपस्थित थे.




