चाकुलिया: विधानसभा सत्र के शून्य काल के दौरान विधायक समीर मोहंती ने कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के अंगीभूत महाविद्यालयों में संचालित बीएड एवं वोकेशनल कोर्स में संविदा पर नियुक्त शिक्षकों का मुद्दा उठाया. विधायक ने कहा कि पिछले लगभग 20 वर्षों से संविदा पर नियुक्त सहायक प्राध्यापकों की सेवा पिछले 8 माह से विस्तार नहीं किया गया है,साथ ही पिछले पांच महीने से उन्हें पारिश्रमिक का भुगतान भी नहीं किया गया है. परिणाम स्वरूप प्राध्यापकों के सामने कठिन समस्या व्याप्त है. विधायक ने आसन के माध्यम से सरकार से उक्त प्राध्यापकों की सेवा काल में विस्तार के साथ उनका मानदेय भुगतान करने की मांग की. वहीं विधानसभा सत्र के तारांकित प्रश्न काल में श्री मोहंती ने राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम जोड़ने में हो रही कठिनाईयों से सदन को अवगत कराया. उन्होंने कहा कि काफी लंबे समय से राशन कार्ड में परिवार के नए सदस्यों के नाम जोड़ने के आवेदन लंबित है,जिसके कारण उपभोक्ताओं को राशन के साथ साथ सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है. विधायक ने अविलंब समस्या के निराकरण हेतु ठोस कदम उठाने की मांग की है.














