
Bahragoda : बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश से बहरागोड़ा प्रखंड के पूर्वांचल क्षेत्र के बहुलिया, रांगुनिया, बाघाखुली, सालझटिया, गोदा बहुलिया और चित्रेश्वर में नदी-नाला का पानी घुसने से गांव में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है. रांगुनिया से जगन्नाथपुर सड़क पर जल जमाव होने से सड़क पर आवागमन प्रभावित हो गया है. शाम पांच बजे जल स्तर घटने से सड़क पर अवागमन शुरू हो पाया. गांव में पानी घुसने से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने और कच्चे मकान के टूटने की सूचना पाकर बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने अपने समर्थकों के साथ प्रभावित गांवों का दौरा किया. विधायक श्री महंती ने कई गांव जाकर जल जमाव से टूटे कच्चे मकान में रहनेवाले परिवार के बीच तिरपाल और जनता आहार सामग्री का वितरण किया. विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे संकट की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग करेंगे और पीड़ित परिवारों के साथ हमेशा खड़ा रहेंगे.
क्षेत्र का दौरा कर विधायक ने बाढ़ से हुए खेती का निरीक्षण किया. मौके पर विधायक श्री महंती ने कहा कि पूर्वांचल कृषि प्रधान क्षेत्र है. यहां के किसान सालों भर खेती कर अपना और परिवार का भरन पोषण करते है. बरसात और बाढ़ के पानी ने किसानों की कमर तोड़ दी है. बाढ़ से 400 एकड़ जमीन में लगे धान की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है. उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को वस्तुस्थिति से अवगत कराकर किसानों को सरकारी मुआवजा राशि दिलाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने सीएम के आदेश पर उपायुक्त से बातकर सर्वे कर जल्द मुआवजा दिलाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार गरीबों की सरकार है. इस आपदा के समय में सरकार किसान, मजदूर और गरीब परिवार के साथ हमेशा खड़ा रहेगी. इस दौरान असित मिश्रा, मदन मन्ना, अरूण बारिक, लखन मांडी, जदुनाथ राणा, तापस दास, मिथुन कर समेत अन्य लोग उपस्थित थे.


















