
बहरागोड़ाः बहरागोड़ा महाविद्यालय के छात्र- छात्राओं ने अपनी समस्याओं को लेकर विधायक समीर महंती को दूरभाष पर सूचना दी जिस पर अविलंब संज्ञान लेते हुए विधायक समीर महंती बहरागोड़ा महाविद्यालय पहुंचकर छात्र- छात्राओं से उनकी विभिन्न समस्याओं से अवगत हुए. इस दौरान बीएड के विद्यार्थियों द्वारा विधायक को अवगत कराया गया कि वर्ष 2020-21 की छात्रवृत्ति अभी तक विद्यार्थियों को नहीं मिल पायी है. (नीचे भी पढ़े)
साथ ही वर्ष 2021- 22 का छात्रवृत्ति आवेदन भरने की अंतिम तिथि को बढ़ाने की मांग की गई. विधायक को आवेदन देकर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है. छात्र-छात्राओं ने बताया कि बीएड सेकेंड सेमेस्टर का रिजल्ट नहीं निकला है और विगत सेशन 2020-21 की छात्रवृत्ति की भुगतान अभी तक नहीं हुआ. जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. थर्ड सेमेस्टर में एडमिशन लेना है इसलिए सत्र 20- 21 का छात्रवृत्ति भुगतान अविलंब कराएं और सत्र 21- 22 का छात्रवृत्ति फॉर्म भरने की तिथि 21 मार्च 2022 तक बढ़ाई जाए.(नीचे भी पढ़े)
सभी मांगे महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विधायक के समक्ष रखी. इस पर विधायक ने जिला कल्याण पदाधिकारी एवं कल्याण मंत्री चंपई सोरेन से दूरभाष पर बात कर छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की मांग की और साथ ही विधायक ने विद्यार्थियों को आश्वस्त कराया की सोमवार को रांची जाकर विभागीय सचिव और मंत्री से मिलकर उनकी समस्या का निराकरण करेंगे. मौके पर संगीता दत्ता, दिलीप कुमार, बाबूराम मांडी, सुबोध पांडा, अतुल दास, बबीता महतो, नीलमणि सिंह, जयश्री सीट, महाविद्यालय के प्राचार्य बालकृष्ण बेहरा, प्रोफेसर बीरबल हेंब्रम, प्रोफेसर श्याम मुर्मू, झामुमो नेता असित मिश्रा, गौरी शंकर महतो ,अरुण बारिक, मदन मन्ना ,रासबिहारी साव, राजीव गिरी, सुमित माईति समेत अन्य उपस्थित थे.




