
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड की पाटपुर पंचायत के भागाबांधी (मूढ़ाकाटी) गांव का विधायक समीर माहंती ने दौरा किया तथा इस क्रम में वह ग्रामीणों की समस्याओं से रूबरू हुए। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ जरूरतमंद लोगों का ख्याल रखना मेरा परम कर्तव्य है और मैं जनता के हर एक सुख-दुख में सहभागी बनकर सदैव उनके बीच रहने का हर संभव प्रयत्न करूंगा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने राशन कार्ड में गड़बड़ी, वृद्धा- व विधवा पेंशन और आवास योजना से संबंधित अपनी समस्याओं को रखा। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से क्लब भवन निर्माण कराने की मांग की। (नीचे भी पढ़ें)
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही अपने निधि से गांव में क्लब भवन का निर्माण करायेंगे। विधायक ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार शहर से लेकर गांव तक विकास करने के प्रति गंभीर है। विगत दो वर्षों से राज्य कोरोना संक्रमण से जूझने के कारण राज्य में विकास कार्य पूर्ण रूप से प्रभावित था, अब हालात बदल गए हैं और अब राज्य में विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की हर एक समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर एक-एक कर दूर किया जायेगा। इस दौरान रासबिहारी साव, सुमित माइती, मिथुन कर समेत अन्य लोग उपस्थित थे।




