
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा बस स्टैंड के पीछे मैदान में रविवार को मुंडा समाज के तत्वावधान में सरहुल पूजा धूमधाम से संपन्न हुई. पूजा में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो और विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष सरोज महापात्रा उपस्थित थे. सर्वप्रथम अतिथियों ने पूजा कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. पूजा करने के पश्चात सांसद विद्युत वरण महतो और सरोज महापात्रा ने मादर बजाकर लोगों को अपनी और आकर्षित किया. देर शाम तक लोगों ने मादर और धमसे की थाप पर नृत्य कर एक दूसरे को सरहुल पूजा की बधाई दी. मौके पर संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि सरहुल पूजा प्रकृति से जुड़ी पूजा है. समाज के लोग प्रकृति के पुजारी हैं. सांसद ने कहा कि भाषा और संस्कृति ही हमारी पहचान है, समाज ने सरहुल पूजा आयोजित कर अपनी संस्कृति को संरक्षित करने का सराहनीय कार्य किया है. मौके पर खितीश मुंडा समेत अन्य कमेटी के सदस्य और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे.





