
धालभूमगढ़ : जमशेदपुर जिला के ग्रामीण क्षेत्र के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय उच्च मार्ग 18 पर महुलीशोल-चोइरा के पास ट्रकों से लोहा समेत अन्य सामानों का कटिंग करने वाले अड्डे पर रविवार देर रात पुलिस ने छापामारी की थी. यहां से पुलिस ने लोहा के प्लेट से लदे दो ट्रकों डब्ल्यूबी 23 जी 9259 और डब्ल्यूबी 23 सी 0243 को जब्त कर दोनों ट्रक के चालक दीपक कुमार और दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों ट्रकों से अवैध तरीके से लोहा के प्लेट उतारे जा रहे थे. पुलिस ने इस अवैध गोदाम के संचालक महुलीशोल गांव निवासी दीपक साव उर्फ पहाड़ साव को भी गिरफ्तार कर लिया है. इस संबंध में थाना प्रभारी विनोद टुडू के बयान पर कांड संख्या 54/21 भादवि की धारा 379 और 414 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है. विदित हो कि इस अड्डे पर काफी दिनों से ट्रकों से लोहा पीतल तांबा समेत अन्य सामानों के कटिंग का धंधा किया जा रहा था. यह पहला मौका है जब इस अड्डे पर पुलिस की छापेमारी हुई है. वही मिली जानकारी सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय उच्च पथ 18 के किनारे श्यामसुंदरपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम के पास भी एक अड्डा पर ट्रकों से लोहा, सीमेंट समेत अन्य सामानों का कटिंग करने का धंधा चलाया जाता है. इसी तरह बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय उच्च पथ 18 के किनारे केशरदा के पास एक होटल में ट्रकों से लोहा, सीमेंट, कोयला समेत अन्य सामानों के कटिंग का धंधा महीनों से संचालित है. इस अड्डे पर गैस टैंकरों से एलपीजी गैस कटिंग का धंधा भी धड़ल्ले से चलाया जाता है.परंतु इस धंधा से अब तक पुलिस अनजान हैं.





