घाटशिला : संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर में गुरुवार को कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के उद्देश्य से विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से एक व्यापक स्वास्थ्य जांच का शिविर आयोजित हुआ. इस शिविर में डीसीबीओ प्रभारी, घाटशिला डॉ शुभ्रा सोनाली लकड़ा के नेतृत्व में चिकित्सकों की 6 सदस्यीय टीम ने स्कूल कर्मियों की जांच की. इस स्वास्थ्य जांच से विद्यालय में कार्यरत 68 कर्मचारी लाभान्वित हुए.

स्वास्थ्य जांच शिविर में सभी कर्मचारियों के ब्लड प्रेशर एवं शुगर की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयां भी प्रदान की गयीं. इसके उपरांत जांचकर्ताओं द्वारा परिणाम के आधार पर तत्काल सलाह एवं उचित मार्गदर्शन किया गया. इस कार्यक्रम के समन्वयक सुजीत, ईएसआइसी प्रबंधक ने सभी ईएसआइसी धारकों को अपने नये कार्यालय स्थल, आधार सीडिंग, सरकारी तकनीक से जुड़े नये परिवर्तन एवं अपने कार्यों की विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की. इसमें विद्यालय की उपचारिका कविता शर्मा ने विशेष योगदान किया. यह संपूर्ण कार्यक्रम विद्यालय की प्रशासिका शोभा गनेरीवाल, प्रबंधक डॉ प्रसेनजीत कर्मकार एवं प्राचार्य नीलकमल सिन्हा के दिशा निर्देशन एवं देखरेख में संपन्न हुआ.




