चाकुलिया : चाकुलिया के कमारीगोड़ा स्थित पक्का घाट तालाब में जलकुंभी भर जाने का समाचार विगत दिनों ‘शॉर्प भारत’ में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद चाकुलिया नगर पंचायत प्रशासक ने मामले को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार को तालाब से जलकुंभी की सफाई कार्य शुरू कर दिया है. तालाब सफाई का कार्य नगर प्रशासक मोटाय बानरा के निर्देश पर मंगलवार को मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत शुरू कर दिया गया. तालाब के किनारे और घाटों के पास भी जलकुंभी का जमावड़ा लगा हुआ था, जिसे अब हटाया जा रहा है. ज्ञात हो कि तालाब में जलकुंभी भर जाने से ग्रामीणों को दैनिक कार्य में काफी परेशानी हो रही थी और ग्रामीणों ने तालाब की सफाई करने की मांग नगर पंचायत प्रशासक से की थी.














