मुसाबनी: घाटशिला जनाधिकार मंच द्वारा मुसाबनी में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई. इस अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मुखी समाज (मूलनिवासी) के केंद्रीय अध्यक्ष सह जुगसलाई विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हरि मुखी उपस्थित हुए. कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया. मुख्य अतिथि हरि मुखी ने अपने संबोधन में बाबा साहेब के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित बनकर ही समाज की मुख्यधारा से जुड़ा जा सकता है. उन्होंने कहा कि “बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और समानता का संदेश आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत है. हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर एक न्यायपूर्ण समाज का निर्माण करना होगा.” विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान अर्जुन हेम्ब्रम भी उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)

अनाथ बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री का वितरण : जयंती समारोह को सेवा संकल्प से जोड़ते हुए मंच द्वारा एक सराहनीय पहल की गई. इस मौके पर क्षेत्र के अनाथ बच्चों के बीच पाठ्य सामग्री (कॉपी, कलम, पेंसिल आदि) का वितरण किया गया, ताकि उनकी शिक्षा में कोई बाधा न आए. हरि मुखी ने स्वयं बच्चों को सामग्री भेंट की और उन्हें मन लगाकर पढ़ने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम में घाटशिला जनाधिकार मंच के सदस्य मौ गुलाम, लुगु मुर्मू, प्रभाकर सोना, अनिता सागर, अफरोज आलम, फागु राम हांसदा, संतोष करूवा, आशीष मुखी, शिवशंकर मुखी, सुनील मुखी, अचिंतो बनर्जी, वंदना सोय, नताशा मुखी, पार्वती हांसदा समेत स्थानीय समाजसेवी और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे. सभी ने समाज के वंचित वर्गों के उत्थान और बाबा साहेब के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया.














