जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के बांगुड़दा आदर्श ग्राम में रविवार दोपहर तालाब में नहाने के क्रम में मिर्गी का दौरा पड़ने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलने पर गांव पहुंची कमलपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच की. इस संबंध में कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि महिला पुष्पा महतो (68 वर्ष) मिर्गी की बीमारी से ग्रस्त थी. इससे पूर्व उनके पति की मौत भी मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण पानी में डूबने से हो गई थी. उन्होंने मृतका के पुत्र से जब आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजा दिलाने के लिए शव का पोस्टमॉर्टम कराने को कहा तो उसने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया. पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया.



