गालूडीह : गालूडीह में रविवार को एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी. युवक की पहचान गालूडीह निवासी राजू सिंह (24) के रूप हुई है. युवक टाटा मैजिक टेंपो चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था. सूचना पर आरपीएफ पुलिस चंद्रशेखर महतो और गालूडीह थाना प्रभारी सुखसागर सिंह चौधरी मौके पर कोंदर ब्रिज पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है.(नीचे भी पढ़ें)

परिजनों ने बताया कि पांच जुलाई को चक्रधरपुर में बबली सिंह के साथ उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद दोनों काफी खुश थे. राजू रविवार सुबह नाश्ता लाने के लिए घर से निकला था, लेकिन फिर वापस नहीं आया. उसने आत्महत्या क्यों की यह परिवार में किसी को नहीं पता. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह के करीब 9 बजे रेल लाइन कोंदर ब्रिज के पास से कुछ मजदूर लाइन पार कर रहे थे, जिन्होंने देखा कि पोल संख्या 221/21 व 221/23 के बीच किसी युवक का शव पड़ा है. रेल लाइन से कुछ दूरी पर उसकी ग्लैमर बाइक खड़ी थी. देखते ही देखते चारों तरफ खबर फैल गई. राजू सिंह परिवार का एकलौता बेटा था. तीन बहनों की शादी हो चुकी है. करीब दो वर्ष पहले पिता दिलीप सिंह की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.














