
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल थाना अंतर्गत चिलगू- अमड़ा कटिंग के बीच बीस लाख रुपए की लूट का मामला प्रकाश में आया है. घटना गुरुवार की रात 10: 30 बजे के आसपास की बतायी जा रही है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मोहित एवं संजय नमक युवक बोलेरो पर सवार होकर रांची से टाटा जा रहे थे. दोनों आयरन- ओर कारोबारी बताए जा रहे हैं. चिलगू- अमड़ा कटिंग के बीच होटल में बोलेरो स्टार्ट छोड़कर खाना खाने चले गए. वापस लौटकर जैसे ही गाड़ी में बैठे कि पहले से घात लगाए एक बाइक और एक स्विफ्ट गाड़ी पर सवार आधा दर्जन अपराधियों ने फायरिंग की और बोलेरो से दोनों कारोबारियों को उतार कर बोलेरो लेकर चलते बने. उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी में 20 लाख रुपए रखे थे. जो किसी कंपनी को भुगतान की करने जा रहे थे. मामले की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए हैं. जमशेदपुर की ओर जाने वाले सभी मार्गो को सील कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि फिलहाल दो एंगल से मामले की तफ्तीश की जा रही है. अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा. वरीय अधिकारियों के निर्देशन में जांच चल रही है.





