जमशेदपुर : बिष्टुपुर के खरकई लिंक रोड स्थित श्री धर्म सास्था मंदिर में चल रहा 77वां सास्था प्रीति महोत्सव रविवार को संपन्न हो गया. यज्ञानुष्ठान के अंतिम दिन आज हजारों की संख्या में श्रद्दालुओं ने शिरकत की.

सास्था प्रीति महोत्सव के अंतिम दिन, रविवार को रोज की तरह महा गणपति होमम के साथ यज्ञानुष्ठान आरंभ हुआ. इसके बाद बाहर से पधारे वेद पंडितों ने 16 कलश स्थापित कर भगवान धर्म सास्था के लिए महान्यास पूर्वक एकादश रुद्र पूर्णाभिषेक के अलावा महा गणपति एवं श्री कार्तिक के लिए एकादश रुद्राभिषेक किया. मंदिर कमेटी के चेयरमैन पीएन शंकरन ने मुख्य पुरोहित विजय भानु के मार्गदर्शन में यज्ञ की सारी विधियां संपन्न कराईं.
इसके बाद महा आरती हुई एवं मंदिर समिति के सदस्यों ने यज्ञानुष्ठान में उपस्थित हजारों श्रद्धालु भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किये. इस अवसर पर दक्षिण भारतीय शास्त्रीय भजन मंडली आचार्य भक्त सभा के सदस्यों ने श्री धर्म सास्था और कई अन्य देवताओं पर भक्ति गीत प्रस्तुत किए.
आज के यज्ञानुष्ठान के दौरान जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मंदिर पहुंचे, जहां मंदिर कमेटी के चेयरमैन पीएन शंकरन ने मंदिर परिसर में उनका सम्मान किया.
मंदिर कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एन राममूर्ति, उपाध्यक्ष केजीपी नायर, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार अग्रवाल, सचिव बी सुब्रमण्यन, संयुक्त सचिव एएस विश्वेश्वरन, एस शिव कुमार, एस श्रीनिवासन, एस वेंकटरमन, एस कृष्णा, जी शिजूकल, के एस नारायण और आर बालकृष्णन के साथ और कई समिति सदस्य उपस्थित थे, जिन्होंने यज्ञानुष्ठान के सफल आयोजन में रचनात्मक सहायता की.



