जमशेदपुर : सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए धार्मिक संस्था गुरु नानक नाम लेवा संगत ने मूल नानकशाही कैलेंडर के अनुसार सिखों के 10वें गुरु दसमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का प्रकाशपर्व मानगो स्थित खण्डा चौक में मनाया। गुरुवार को मानगो खण्डा चौक (मानगो चौक) में गुरु नानक नाम लेवा संगत के सदस्यों ने राहगीरों के बीच ऊनी वस्त्र बांटे और कतार में बैठाकर लंगर खिलाया गया। श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा साहिब मानगो के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने इस अवसर पर गुरु महाराज के चरणों में अरदास कर प्रकाशपर्व उत्सव आरम्भ किया। सरदार जसवंत सिंह ने कहा की 2022 में गुरु साहब का प्रकाश पर्व दो बार आ गया है जिससे संगत भी असमंजस में पड़ जाती है। (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख़्त साहिब को इसमें विचार करना चाहिए। दूसरी ओर प्रकाश पर्व पर के अवसर पर बोलते हुए सिख प्रचारक हरविंदर सिंह जमशेदपुरी ने कहा कि मूल नानकशाही कैलेंडर के अनुसार हर वर्ष 23 पोह माह की पांचवीं तिथि पर सिखों के 10वें गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज की जयंती मनाई जाती है। उन्होंने सिखों की सिरमौर संस्था अकाल तख्त से निवेदन किया कि गुरु साहिब के प्रकाश पर्व की एक निश्चित तिथि तय की जानी चाहिए, ताकि सिख संगत किसी प्रकार के संशय में न रहे। प्रकाश पर्व को सफल बनाने में जसवंत सिंह जस्सू, सुखवंत सिंह सुखु, हरविंदर सिंह जमशेदपुरी, रघुबीर सिंह, प्रभजोत सिंह और जगदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।





