जमशेदपुर : जमशेदपुर के क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, सिंदुरगौरी स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित बीएलओ से गणना प्रपत्र के वितरण, प्राप्ति एवं बीएलओ ऐप में डिजिटाइजेशन की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र समय पर पहुंचे तथा प्राप्त प्रपत्रों का शीघ्र एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन सुनिश्चित किया जाए. मौके पर डीडीसी नागेन्द्र पासवान, एडीसी अनुराग तिवारी, एसडीएम घाटशिला तथा बीडीओ, सीओ उपस्थित रहे. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान केंद्र पर उपस्थित मतदाताओं से संवाद करते हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए सभी पात्र मतदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर गणना प्रपत्र अवश्य भरें और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं. उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए तथा घर-घर संपर्क अभियान के माध्यम से सभी मतदाताओं को जागरूक करते हुए निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण करें. निरीक्षण के क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने चाकुलिया प्रखंड के सालबनी एवं ग्वालडागिया स्थित सबर टोला का भी भ्रमण किया. यहां उन्होंने सबर समुदाय के परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर-2026) में सक्रिय भागीदारी करने तथा गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित किया. इस दौरान उपायुक्त ने सबर परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
समीक्षा के दौरान जिन परिवारों के आधार कार्ड एवं जाति प्रमाण पत्र नहीं बने हैं, उनके लिए विशेष शिविर आयोजित कर आवश्यक प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि आवास योजना के लाभ से वंचित सबर परिवारों का सर्वे कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना से आच्छादित किया जाए, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित हो सके.







