
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर जुगसलाई फाटक गोलचक्कर के पास रविवार की रात बाइक सवार बदमाश ने परसुडीह चांदनी चौक निवासी राजेश मिश्रा की पत्नी रीता मिश्रा से बैग की छिनतई कर ली. रीता मिश्रा अपने पति के साथ बिष्टुपुर से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रही थी. अचानक बाइक सवार ने झपट्टा मारकर बैग छीनने का प्रयास किया तो रीता मिश्रा ने बैग जोर से पकड़ लिया. खींचतान में रीता मिश्रा के हाथ के नाखून टूट गये,वही उनके सिर से हेलमेट भी सड़क पर जा गिरी. रीता मिश्रा भी बाइक से गिरने वाली थी, लेकिन पति राजेश मिश्रा ने उन्हें पकड़ लिया. घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश स्टेशन रोड की ओर भाग गये. हादसा के बाद राजेश मिश्रा और रीता मिश्रा ने कुछ दूर तक बदमाश का पीछा भी किया. लेकिन बदमाश को पकड़ नहीं सके. जिसके बाद दोनों वापस जुगसलाई थाना पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की. शिकायत मिलने के बाद जुगसलाई थाना की पुलिस ने घटनास्थल की जांच की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.







