जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के निर्मल नगर में बीती रात अपनी बहन मंगली मछुआ को गोली मारने के मामले में आरोपी रूपचंद मछुआ को सोनारी पुलिस ने मंगलवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. वहीं मंगली का टीएमएच में इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के अनुसार अब भी उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. रूपचंद घटना को अंजाम देने के बाद ही फरार हो गया था. घटना के बाद पुलिस रूपचंद को गिरफ्तार करने के लिये छापेमारी कर रही थी. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस को सूचना मिली थी कि रूपचंद सुबह-सुबह बस्ती में आया हुआ है. उसके बाद सोनारी थाना प्रभारी ने छापामारी कर उसे दबोच लिया. बीती रात रूपचंद मछुआ अपनी बहन के घर पर गया हुआ था. वहीं पर वह खाना खा रहा था. इस बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद रूपचंद ने गुस्से में पिस्टल निकालकर पहले धमकी दी उसके बाद गोली चला दी. उसके बाद हथियार को अपने घर में छुपा कर फरार हो गया था.






