
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना अंतर्गत छायानगर में मंगलवार की दोपहर दिलीप कुमार रजक ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दिलीप ने दुपट्टे के सहारे फांसी लगाई है. घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने इसकी सूचना सीतारामडेरा पुलिस को दी. पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मृतक रिक्शा चलाता था. लॉकडाउन के समय वह मुर्गी दुकान में काम करता था. परिजनों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर घर पर कोई नहीं था. इस बीच उसने घर पर फांसी लगा ली. जब वे लोग घर पर पहुंचे तो उसे फांसी पर लटका पाया. परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. आपको बता दें कि सिर्फ मंगलवार को इससे पहले सुबह में एक और व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी, जो टाटा स्टील का पूर्व कर्मचारी था. सिदगोड़ा में भी मंगलवार को 65 वर्षीय़ एक वृद्ध ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक नितेंद्र चंद्र वर्मा (65) सिदगोड़ा के विद्यापतिनगर के रहने वाले थे. घटना मंगलवार सुबह 7 बजे की है. घटना की जानकारी मिलने पर सिदगोड़ा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि मृतक टाटा स्टील से रिटायर्ड थे. कुछ दिनों से घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिस कारण वह अवसाद (डिप्रेशन) में थे.







