
जमशेदपुर : जमशेदपुर में आत्महत्या चिंता का बड़ा विषय हो चुका है. शुक्रवार को जहां जुगसलाई और बागबेड़ा में दो लोगों द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया था. इधर शनिवार को एक बार फिर तीन लोगों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. शनिवार को पहला मामला उलीडीह (मानगो) थाना क्षेत्र का है, जहां शंकोसाई रोड नंबर 5 स्थित हयातनगर निवासी 36 वर्षीय मो इमरान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने शनिवार की सुबह उसे फंदे से लटकते देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने अनुसार मृतक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. दूसरी घटना कदमा की है जहां रामनगर रोड नंबर 6 निवासी 23 वर्षीय देबू सिंह ने फांसी लगा ली. शनिवार सुबह उसने अपनी मां को जगाया. मां के जागने के बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर फांसी लगा ली. तीसरी घटना मुसाबनी की है जहां 45 वर्षीय जमुना पाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है. इस तरह 48 घंटे में पांच लोगों ने आत्महत्या कर ली है, जो चिंता का विषय बना हुआ है.





