
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत हुडको के पास टेल्को कॉलोनी स्थित क्वार्टर नंबर J35/08 निवासी महेश्वर बेसरा के घर में घुसकर उनकी पत्नी पूर्णिमा बेसरा से पांच लाख नगद समेत लाखों के गहने लूट लेने के मामले में पूर्णिमा बेसरा के बयान पर टेल्को पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. घटना की जानकारी देते हुए पूर्णिमा ने पुलिस को बताया कि उनके पति ए शिफ्ट पर काम के लिए टाटा कमिंस गए हुए थे. सुबह लगभग 10.30 में एक व्यक्ति काले रंग की स्कूटी पर उनके घर आया. उसने कंपनी यूनिफॉर्म पहना हुआ था और मुंह पर मास्क लगाया हुआ था. (नीचे पूरी खबर पढ़े, देखे वीडियो)
उसने कहा कि बेसरा जी को कंपनी में चोरी के आरोप में पकड़ लिया गया है, उनके अलावा अन्य दो लोगों को भी कंपनी प्रबंधन पकड़कर पूछताछ कर रही है. उनका मोबाइल भी जप्त कर लिया है. उन्होंने ही घर आकर बता देने को कहा. जब उस व्यक्ति को घर में बिठाया तो उसने दरवाजा बंद कर पिस्टल निकाल ली और कनपटी पर सटाकर सभी रुपए और गहने निकालने को कहा. क्वार्टर में घर बनाने के लिए पांच लाख रुपए रखे थे. इसके अलावा लुटेरे ने सोने का मंगलसूत्र, सोने की चेन, सोने के कान की रिंग, तीन जोड़ी चांदी की पायल के अलावा बैंक पासबुक एटीएम कार्ड और जमीन के कागजात एक बैग में भरकर उनके 15 साल के बेटे आकाश को भी अपने साथ ले गया. बाद में लुटेरे ने आकाश को पास ही में उतार दिया और खुद फरार हो गया. पूर्णिमा के अनुसार अगर वह उस लुटेरे को देखेगी तो पहचान जायेगी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.





