
जमशेदपुर: सोमवार को ड्यूटी जा रही महिला को बर्मामाइंस थाना अंतर्गत बीओसी के समीप टैंकर ने रौंद दिया था, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गयी थी. घटना के 24 घण्टे बाद भी न तो टैंकर चालक पकड़ा गया, ना ही पुलिस ने टैंकर को जब्त किया, और ना ही मुआवजा दिलाने का प्रयास किया. इधर मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने परिजनों के साथ बर्मामाइंस थाने का घेराव कर घंटों प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने थाना कर्मियों को बंधक बना मृतक महिला के परिजनों को सरकारी एवं गाड़ी मालिक की ओर से मुआवजा दिलाए जाने की मांग की. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस ने गाड़ी मालिक के साथ मिलकर मामले को रफा-दफा कर दिया है. उधर स्थानीय लोगों ने टैंकर को छिपाने का भी आरोप थाना पर लगाया. हालांकि स्थानीय लोगों के दबाव के बाद टैंकर को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वही परिजन अभी भी मुआवजे की मांग को लेकर थाना पर डटे हुए हैं. बताया जाता है कि महिला के दो छोटे- छोटे बच्चे हैं. परिजनों का कहना है कि हमे उचित न्याय चाहिए. उधर थाना घेराव की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी बर्मामाइंस थाना के लिए निकल पड़े हैं.



