
जमशेदपुर : जुगसलाई विधानसभा अंतर्गत घोड़ाबांधा दुर्गा पूजा मैदान में सोमवार को ‘आपके अधिकार-आपकी सरकार-आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें मुख्य अतिथि के रुप में स्थानीय विधायक मंगल कालिंदी उपस्थित थे. कार्यक्रम में विधायक मंगल कालिंदी ने उपस्थित लोगों के बीच कंबल और कई योजनाओं के स्वीकृति पत्र का वितरण किया. उपस्थित लोगों को संबोधित कर उन्होंने लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उनसे संपर्क करने को कहा. विधायक ने वहां उपस्थित सभी विभाग के स्टालों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया कि किसी भी ग्रामीण को किसी प्रकार की समस्या न हो. विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बिरसा हरित ग्राम योजना, पोटो हो खेल विकास योजना, फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, हरा राशन कार्ड, सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना और मरङ गोमके जयपाल सिंह मुण्डा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना जैसी कई लोक कल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंद लाभान्वित हो रहे हैं। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, विक्रम, रजत, शाहिद परवेज, प्रकाश, अजय समेत कई कार्यकर्ता व काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.




