जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोल्हान क्षेत्र के पूर्व वीर सैनिकों की संस्था ‘द वॉरियर्स ऑफ कोल्हान’ की ओर से ‘सांस्कृतिक कार्यक्रम सह नारी शक्ति सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की केयरटेकर ऑफिसर (सीटीओ) प्रीति एवं एनसीसी कैडेट्स को उनके अनुकरणीय योगदान और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

इस समारोह में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स अदिति कुमारी, अनमोल परी मिश्रा, हेमंती पातर और चांदमनी प्रधान को पुरस्कृत किया गया. इन्हें यह सम्मान रिपब्लिक डे परेड एवं यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम (रूस और भूटान) में उनकी उत्कृष्ट भागीदारी के लिए दिया गया. चारों कैडेट्स ने 2023, 2024 और 2025 की गणतंत्र दिवस परेड में हिस्सा लिया है. इसके अतिरिक्त, अदिति कुमारी को 2023 में रूस और अनमोल परी मिश्रा को 2024 में भूटान के लिए यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ. जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने एनसीसी कैडेट्स एवं केयरटेकर ऑफिसर को इस सम्मान के लिए शुभकामनाएं दीं तथा 37 झारखण्ड बटालियन एनसीसी के कमाडिंग ऑफिसर कर्नल विनय आहुजा की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि एनसीसी के अनुशासन और नेतृत्व की यह परम्परा और मार्गदर्शन का परिणाम है जिससे हमारे विश्वविद्यालय की छात्राओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिल रहा है.



