
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के जाहेर टोला में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े चार से पांच बदमाशों ने एक बंद घर को निशाना बनाया. घटना उस वक्त हुई जब घर के सदस्य साकची बाजार खरीदारी करने गए थे. लगभग दोपहर 12 बजे जब घर के मालिक विनोद कुमार लौटे तो मुख्य दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था. विनोद कुमार ने बताया कि उनकी मां कैंसर से पीड़ित हैं और पांच अक्टूबर को इलाज के लिए उन्हें शहर से बाहर ले जाने की तैयारी थी. इसी वजह से घर की अलमारी में 55 हजार रुपये नकद और लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने रखे हुए थे. (नीचे देखे पूरी खबर)
बदमाशों ने दरवाजे तोड़कर अलमारी से नगद और जेवरात निकाल लिए. कुल मिलाकर 1.15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है. घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि सुबह चार-पांच युवक घर के पास पहुंचे और मुख्य गेट को लात मारकर तोड़ा. इसके बाद वे अंदर घुसे और दोनों कमरों के दरवाजे तोड़ दिए. फुटेज में देखा जा सकता है कि बदमाश अलमारी खंगालते हुए नकद और गहने ले जा रहे हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और फुटेज में दिख रहे युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुट गई है. पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा. इस घटना से इलाके के लोगों में भय और आक्रोश दोनों का माहौल है. दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.




