जमशेदपुर : बुधवार को शहर में एक अज्ञात पुट्टी मिस्त्री की छत से गिरने के बाद एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति शहर के किसी इलाके में पुट्टी का काम कर रहा था. अचानक काम के दौरान वह छत से नीचे गिर गया. आसपास के लोगों ने गंभीर हालत में उसे तुरत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, किन्तु वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अस्पताल प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मृतक के फिंगरप्रिंट और अन्य संभावित पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि आसपास के इलाके में भी जांच की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके. फिलहाल शव को एमजीएम अस्पताल के शव गृह में रखा गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके. महत्वपूर्ण यह भी है कि मृतक को अस्पताल लानेवाले अज्ञात लोग शव छोड़कर फरार हो गए. पुलिस इस घटना को संदिग्ध मामले के रूप में देख रही है और शव की पहचान के साथ-साथ उन लोगों की भी खोज कर रही है, जिन्होंने उसे अस्पताल लाकर छोड़ दिया. मामले की छानबीन जारी है.














