जमशेदपुर : जुगसलाई के कुँवर सिंह चौक (घोड़ा चौक) रेलवे अंडरपास के पास भारी बारिश के कारण बुधवार को गंभीर हालात उत्पन्न हो गए. झमाझम बारिश के कारण अंडरपास में पानी भर गया और तेज बहाव के चलते कई गाड़ियां नाले में गिर गईं. इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों ने पुलिस को तुरत घटना की जानकारी दी. मौके पर पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम ने फंसे वाहन चालकों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया. डीएसपी नीरज कुमार के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य चला. उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस समय अंडरपास का उपयोग न करें और वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग अपनाएं. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस अंडरपास में बारिश के दौरान बार-बार जल भराव की समस्या उत्पन्न हो रही है. उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न आए. प्रशासन फिलहाल फंसे वाहनों को बाहर निकालने और जल निकासी सुनिश्चित करने का विशेष अभियान चला रही है. समाचार लिखे जाने तक इसमें किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं मिली है.




