
जमशेदपुर : प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सिंहभूम जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन तुलसी भवन की ओर से तुलसी जयंती के अवसर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है। कोरोना महामारी के कारण इस वर्ष सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन ऑनलाईन ही किया जाएगा। इसमें प्रतियोगी अपनी प्रविष्टि को विद्यालय के माध्यम से या स्वयं भी सीधे उपलब्ध कराए गए नम्बरों पर व्हाट्सएप कर सकेंगे। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतियोगियों को 21 अगस्त को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में श्री हनुमान चालीसा कंठस्थ सस्वर पाठ की प्रतियोगिता का आयोजन 17 जुलाई (शनिवार) को किया गया है। प्रतियोगी इस दिन अपने पाठ को वीडियो रिकार्ड कर विद्यालय को भेज दें या स्वयं अपलोड करें। इसमें 5 से 12 वर्ष के बालक-बालिका भाग ले सकते हैं। दूसरी प्रतियोगिता विषय सम्प्रेषण की है, जिसमें कक्षा 8 से ऊपर के विद्यार्थी संत तुलसीदास कृत रचनाओं पर आधारित विषयों पर ढाई से तीन मिनट के अधिकतम समय में अपने विचारों को प्रकट कर, उसकी वीडियो रिकार्डिंग 24 जुलाई को अपलोड करेंगे। तीसरी प्रतियोगिता श्री हनुमान या शबरी रूप सज्जा का है, जिसमें कक्षा 1 से कक्षा 5 तक के बालक-बालिका अपनी प्रस्तुति 1 मिनट की वीडियो रिकार्डिंग 1 अगस्त को अपलोड कर सकेंगे। चौथी प्रतियोगिता ‘भाई हो तो भरत जैसा’ विषय पर 200-250 शब्दों में निबंध लिखकर 8 अगस्त को कक्षा 8 से ऊपर के विद्यार्थी अपलोड करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्रप्ता करनेवाले प्रतियोगियों को पुरुस्कृत किया जाएगा। उत्तम प्रविष्टियों की अधिक संख्या होने पर दो सांत्वना पुरस्कार भी घोषित किये जायेंगे। सभी विजेताओं को व्यक्तिगत रूप से सूचित किया जाएगा और समाचार पत्रों के माध्यम से भी पुरुस्कारों की घोषणा की जायेगी। बताया गया है कि प्रतियोगी एवं विद्यालय अपनी प्रविष्टियों को ई-मेल पता ‘tulsibhawan@gmail.com’ पर या मोबाइल नंबर 9031719481, 7856968181, 9031380994 पर प्रेषित कर सकते हैं।



