जमशेदपुर : भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमइआइटीवाई) के अपर सचिव सह महानिदेशक, एनआईसी, अभिषेक सिंह (आइएएस) द्वारा जिला एनआईसी कार्यालय का दौरा किया गया. इस अवसर पर एनआईसी द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. कार्यक्रम के दौरान प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में संचालित विभिन्न ई-गवर्नेंस परियोजनाओं, डिजिटल सेवाओं, नेटवर्क व्यवस्था तथा आईटी अवसंरचना से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई. समीक्षा के क्रम में परियोजनाओं की प्रगति, सेवा वितरण की गुणवत्ता तथा तकनीकी व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई. समीक्षा के क्रम में उपायुक्त द्वारा जिले में चल रहे ग्राम संपत्ति पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी. इस पोर्टल के माध्यम से क्यूआर कोड को स्कैन कर जिले में चल रही योजना का पूर्ण विवरण प्राप्त किया जा सकता है जिस पर अपर सचिव सह महानिदेशक, एनआईसी द्वारा प्रसन्नता जाहिर की गयी. (नीचे भी पढ़ें)
समीक्षा के दौरान अपर सचिव सह महानिदेशक, एनआईसी अभिषेक सिंह (आइएएस) ने निर्देश दिया कि सभी ई-गवर्नेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाया जाए तथा सरकारी सेवाओं की ऑनलाइन उपलब्धता को सुदृढ़ किया जाए. उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म की सुरक्षा, डेटा प्रबंधन तथा नेटवर्क अवसंरचना को और मजबूत किया जाए, ताकि आम नागरिकों को पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें. साथ ही उन्होंने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया. इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, उप-महानिदेशक सह एसआइओ दीपक कुमार, अपर-महानिदेशक सह एएसआइओ उमेश सिन्हा, संयुक्त निदेशक (आईटी) सह जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी किशोर प्रसाद, अपर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी (एडीआइओ) पूनम वर्मा, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मनीष कुमार प्रसाद, नेटवर्क इंजीनियर भारत कुमार, प्लाबन घोष तथा आइरैड रोल-आउट मैनेजर अनुपम चौधरी उपस्थित थे.



