जमशेदपुर: बाबा बंदा सिंह बहादुर गतका अखाड़ा और गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, मानगो के संयुक्त तत्वावधान में 1 मार्च, रविवार को मानगो गुरुद्वारा साहिब परिसर में “होला महल्ला” के उपलक्ष्य में सिख बच्चो के लिए भव्य खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम मानगो गुरुद्वारा स्कूल ग्राउंड में प्रातः 7 बजे से प्रारंभ होगा.खेल आयोजन के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, स्पून एंड मार्बल रेस, स्किपिंग रेस, सैक रेस, शॉटपुट, पगड़ी एवं दुमाला प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, रस्साकशी, दंड बैठक प्रतियोगिता सहित कई अन्य आकर्षक खेल और फन गेम्स आयोजित किए जाएंगे. प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 50 रुपये प्रति प्रतिभागी प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 फरवरी रखी गई है.(नीचे भी पढ़े)
मानगो गुरुद्वारा साहिब के महासचिव जसवंत सिंह जस्सू ने अधिकाधिक भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि “होला महल्ला” केवल एक पर्व मात्र नहीं, बल्कि सिख कौम की वीरता, अनुशासन और सामूहिक शक्ति का प्रतीक है. उन्होंने सभी बच्चों, युवाओं और संगत से आग्रह करते हुए बड़ी संख्या में भाग लेकर इस आयोजन को सफल बनाने की विनती की है. जसवंत सिंह जस्सू, मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियन गुरशरण सिंह, पत्रकार बलजीत संसोआ और सेंट्रल सिख नौजवान सभा के सुखवंत सिंह सुखु को खेलों का मेंटर बनाया गया है. खेल प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां पूरी कर लीं गयीं हैं तथा सदस्यों द्वारा “होला महल्ला” का पोस्टर भी जारी किया गया है.(नीचे भी पढ़े)
गौरतलब है कि होला महल्ला सिख परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जिसकी शुरुआत दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज ने की थी. यह पर्व वीरता, अनुशासन, आत्मबल और सामूहिक एकता का प्रतीक है. इस दिन परंपरागत रूप से गतका, युद्ध कौशल और विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम से साहस और सेवा की भावना को प्रोत्साहित किया जाता है.आयोजकों ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए खेल पोशाक और स्पोर्ट्स शूज अनिवार्य रहेंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और संगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. अधिक जानकारी के लिए 9939141513 और 9006174272 पर संपर्क कर सकते हैं.




