जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेन्स यूनिवर्सिटी में एनएसएस विभाग के तत्वाधान में पूरे भारत का साइकिल से भ्रमण कर जनसाधारण में देशभक्ति एवं राष्ट्रवाद की भावना भरने वाले दीपक शर्मा को मसारोह पूर्वक सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता, दीपक कुमार शर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ किश्वर आरा एवं कुल सचिव डॉ सलोमी कुजूर ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस समारोह में यूनिवर्सिटी की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. इस कार्यक्रम में अपने संदेश में विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति डॉ अंजिला गुप्ता ने दीपक शर्मा के व्यक्तित्व को पराक्रमी एवं प्रेरणादायक बताया और कहा कि अपनी साइकिल से 10,000 किलोमीटर की कठिन साहसिक और अनुशासित यात्रा कर न केवल उन्होंने अद्भुत शारीरिक क्षमता का परिचय दिया बल्कि अटूट संकल्प और मानसिक दृढ़ता का भी उदाहरण प्रस्तुत किया है. उन्होंने इसके लिए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में दीपक शर्मा जी ने एनएसएस छात्राओं से संवाद करते हुए अपने जीवन संघर्ष को साझा किया और बताया कि वह देश के लिए पदक जीतना चाहते थे. लेकिन खेल के दौरान लगी गंभीर चोट ने उनका करियर रोक दिया. लेकिन अब साइकिल द्वारा देशभक्ति की भावना से युवाओं को प्रेरित करने का काम कर रहे हैं वे गांव-गांव और शहर-शहर ऑपरेशन सिंदूर का संदेश भी पहुंचा रहे हैं देशभक्ति, राष्ट्रवाद, विकसित भारत के 9 संकल्प एवं आध्यात्मिकता से युवाओं को प्रेरित करना उनके इस साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य भी है. कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय की कुल सचिव डॉ सलोमी कुजूर ने धन्यवाद ज्ञापन किया. कार्यक्रम में शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहे.







