
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित जमशेदपुर वर्कस कॉलेज में शिक्षकेत्तर कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को कॉलेज बंद कर दिया गया था. इसका छात्र आजसू ने विरोध किया. छात्र आजसू का कहना था कि कॉलेज के कर्मचारियों के विरोध में बच्चों का भविष्य अधर में जा रहा है. चूंकि शुक्रवार को ही स्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा होनी थी, जिस कारण क़ॉलेज बंद होने के कारण सभी बच्चे कॉलेज के बाहर ही खड़े थे.
थोड़ी देर बाद छात्र आजसू ने कर्मचारियों के आंदोलन को देखते हुए इसका विरोध करना शुरु कर दिया. छात्र नेता कॉलेज के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए. उनकी मांग थी की कॉलेज प्रशासन अपने स्तर से मामले का हल निकाले. परीक्षा में रोक टोक नहीं होनी चाहिए.
सूचना पाकर मानगो थाना प्रभारी मिथलेश कुमार पूरे दल-बल के साथ कॉलेज परिसर में पहुंचे. मामला उलझता देख पुलिस को क्यूआरटी टीम को बुलाना पड़ा. थोड़ी देर बाद पुलिस ने गेट का ताला तोड़ा, जिसके बाद विद्यार्थी परीक्षा देने अंदर पहुंचे.
छात्र आजसू नेता हेमंत पाठक ने बताया कि सूचना मिली थी कि कॉलेज में इंटरनल परीक्षा है, पर कॉलेज के कर्मचारियों द्वारा कॉलेज बंद कर दिया गया था. इसी का विरोध करते हुए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है. ज्ञात हो कि वर्तमान में कॉलेज के प्रधान सहायक की कुर्सी पर बैठे कर्मचारी को हटाकर मनोज किशोर को यह जिम्मा सौंपा गया था. इसी मामले में विश्वविद्यालय द्वारा सभी कर्मचारियों से जरुरी कागजात की मांग की गई थी. मनोज किशोर को छोड़कर सभी कर्मचारियों ने कागजात जमा करवा दिए. इसी के विरोध में कॉलेज के कर्मचारियों ने शुक्रवार को बंद का आह्वान किया था.






