
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार दो दिनों से ठंड में कमी महसूस की जा रही है. इसी के साथ शनिवार का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.2 रिकॉर्ड किया गया. वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है. झारखंड समेत पूरे कोल्हान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश के आसार हैं. वहीं नौ जनवरी को राज्य के रांची समेत पलामू, गढ़वा, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, लातेहार, चतरा, रामगढ़ समेत कई इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. वहीं सोमवार और मंगलवार को पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, बोकारो समेत कई अन्य जिलों में बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य में सोमवार से बुधवार तक अच्छी बारिश हो सकती है. वहीं झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के प्रवेश करने से राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और तापमान में बढ़ोतरी होगी. पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह-शाम धुंध व कोहरा छाया रहेगा. इससे सुबह-शाम आवाजाही करने वाले यात्रियों को सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी.




