
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट में हवाई जहाजों के उतरने के समय में बदलाव किया गया है. 28 मार्च से 27 अप्रैल तक यह बदलाव प्रभावी किया गया है. एयरपोर्ट के रनवे का फाइनल लेयर रिकार्पेटिंग का काम 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है, जिस कारण सभी उड़ानों को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक रोक लगायी गयी है. अब सारी हवाई जहाज सुबह 6 बजे से सुबह 11 बजे तक और शाम 5 बजे से रात के 10 बजे तक उड़ान भर सकेंगे. इसकी पुष्टि एयरपोर्ट के डायरेक्टर बिनोद शर्मा ने की है. उन्होंने बताया है कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के रनवे का मेंटनेंस का काम चल रहा है. इसके तहत एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया ने इसके लिए समय निर्धारित की है. इसके तहत दिन में उड़ने वाली सभी हवाई सेवाओं को सुबह और शाम के लिए रिशिड्यूल किया गया है. वर्तमान में रांची एयरपोर्ट से एयर एशिया, एयर इंडिया, गो एयरवेज, इंडिगो की विमानें उड़ान भरती है. यहां से लोग कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली के लिए अपनी उड़ानें लेते है.




