रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले के पटेल चौक पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है. इसमें 4 लोगों की मौत हो गई. महिला और बच्ची समेत 5 लोग घायल हो गए हैं. बताया जा रहा है कि चौक के पास ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया. अनियंत्रित वाहन ने 3 कार और 2 बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. इसमें बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई. वहीं कार चालक समेत एक और व्यक्ति की मौत हुई है. दुर्घटना में एक कार ट्रेलर के नीचे आ गई. इसे क्रेन की मदद से निकाला गया. अब तक 2 मृतकों की पहचान हो गई है. इसमें एक व्यक्ति रांची के ओरमांझी का रहने वाला विनोद करमाली बताया जा रहा है. वहीं कार चालक की पहचान घुटुवा के विजय के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई थी. मरने वाले लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसमें एक की हालत गंभीर है. दुर्घटना के कारण सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई थी. पुलिस की टीम यातायात को दुरुस्त करने में जुटी हुई थी. लोगों का कहना है कि हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ. अगर अनियंत्रित ट्रेलर पेट्रोल पंप के अंदर प्रवेश कर जाता तो स्थिति और भयावह हो सकती थी. उक्त पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज से पूरी घटना की जानकारी मिली है. यह जानकारी लगी है कि अचानक से ब्रेक फेल हो गया, जिससे यह हादसा हुआ है. इस हादसे में और बड़ी घटना हो सकती थी, लेकिन चूंकि, ट्रक ही पलटी हो गयी, इस कारण वहीं गाड़ी रुक गयी, जिस कारण वह उलटकर वहीं रुक गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है. दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर शोक जताते हुए ट्विट किया है कि रामगढ़-रांची एनएच में पटेल चौक के पास हुई सड़क दुर्घटना की खबर अत्यंत मर्माहत करने वाली है. परमात्मा दिवगंत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे. दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं.







