रांची : दिव्यांग नौकरानी को बंधक बनाये जाने व मारपीट करने के मामले में रांची की निलंबित भाजपा नेत्री सीमा पात्रा को अरगोड़ा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उन्हें बुधवार की सुबह हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में गिरफ्तार किया. सीमा पात्रा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी की पत्नी हैं. बता दें कि सीमा पात्रा पर अपने घर में लंबे समय तक दिव्यांग घरेलू नौकरानी सुनीता को बंधक बनाये रखने और बेरहमी से मारपीट सहित कई गंभीर आरोप हैं. इन आरोपों की जानकारी मिलते ही भाजपा से उन्हें निलंबित किया जा चुका है. (नीचे भी पढ़ें)
सुनीता का गंभीर हालत में रिम्स में इलाज चल रहा है. सुनीता ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेत्री ने उन्हें काफी प्रताड़ित किया है. मारपीट कर उसके दांत तोड़ दिए. उसे गर्म तावा से दागा गया. इतना ही नहीं फर्श पर पेशाब तक उसे जीभ से साफ करवाया गया. कुछ दिन पहले पुलिस ने सुनीता को भाजपा नेत्री के घर से मुक्त कराया था. सुनीता के जख्मों की जांच फोरेंसिक टीम करेगी. मामला सामने आने के बाद पुलिस भी रेस हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)
सुनीता ने मीडिया को बताया है कि वह गुमला की रहने वाली है. मैडम सीमा पात्रा के दो बच्चे हैं. बेटी की दिल्ली ने जॉब लगी तो वह 10 साल पहले घर में काम करने दिल्ली गई. 6 साल पूर्व वह रांची वापस आ गई. सुनीता रोकर के घर में काम करती थी. मैडम ने उसे किस बात की सजा दी इसकी जानकारी उसे भी नहीं है. उसे खाना तक नहीं दिया जाता था. उसे कमरे में बंद कर रखा गया था. बिना बात के उसके साथ मारपीट की गई. उसे इतना प्रताड़ित किया गया कि वह चल भी नहीं पाती थी. वह फर्श पर घिसट-घिसट कर चलती थी.







