अनिल कुमार, बोकारो : बोकारो जिले के पेटरवार वन क्षेत्र स्थित मायापुर पंचायत के रोहर सीमानी गणेश किनारी के समीप 30 एकड़ गैर वन भूमि पर वन विभाग द्वारा पौधा रोपण के लिए जेसीबी से की जा रही ट्रेंच कटिंग का काम ग्रामीण महिलाओं ने रोकवा दिया. काफी मशक्कत के बाद समझाने पर सभी महिलाएं वापस लौट गए हालांकि इस दौरान प्रशासन व महिलाओं के बीच नोकझोंक भी हुई. उपस्थित वन क्षेत्र पदाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि इस गैर वन भूमि पर केंद्र सरकार के तहत फलदार एवं औषधीय पौधे लगाये जायेंगे, जिससे स्थानीय ग्रामीण मुख्य रूप से लाभान्वित होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
बताते चलें कि उक्त जमीन पर कुछ दिन पूर्व बुलडोजर से ट्रेंच कटिंग कराया जा रहा था, लेकिन वन अधिकार क्षेत्र की ग्राम सभा ने काम रोकवा दिया था. गुरुवार को फिर 8-9 जेसीबी की मदद से वहीं ट्रेंच कटिंग का काम हो रहा था. पेटरवार सीओ ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, पेटरवार वन क्षेत्र पदाधिकारी अरुण कुमार, बेरमो रेंजर विनय कुमार, पेटरवार थाना प्रभारी विनय कुमार, तेनुघाट ओपी प्रभारी सुनील कुमार, कसमार थाना प्रभारी उज्ज्वल कुमार पांडेय एवं महिला कॉन्सटेबल सहित भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में काम चल रहा था.(नीचे भी पढ़ें)
पेटरवार वन क्षेत्र पदाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार योजना के तहत पौधा रोपण किया जाना है जिसमें फलदार के अलावा सागवान, शीशम एवं जलावन के लिए सकुंजी के पौधे लगाये जायेंगे. पेटरवार अंचलाधिकारी के द्वारा इस जमीन का अनापत्ति पत्र मिला, उसके तहत 30 एकड़ जमीन में ट्रेंच कटिंग का काम प्रगति पर है. इस प्लांटलेशन से सबसे अधिक फायदा स्थानीय ग्रामीणों को ही होनेवाला है. वन क्षेत्र के रख-रखाव के लिए वाचर के रूप में स्थानीय ग्रामीण ही रखे जायेंगे. यह सरकार की एक बड़ी योजना है, जिसमें तालाब, चापाकल या सोलर जलमीनार हों, स्थानीय ग्रामीणों भी उसका उपयोग करेंगे.




