
बेरमो : झारखंड में दो उपचुनाव होने वाले है. दुमका के साथ बेरमो के सीट पर चुनाव होने वाला है. बुधवार को बेरमो सीट के लिए भाजपा के प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल ने अपना नामांकन तेनुघाट स्थित बेरमो अनुमंडल कार्यालय में एनडीए के प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया जबकि कांग्रेस के प्रत्याशी और महागठबंधन के प्रत्याशी कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान भाजपा और कांग्रेस ने अपने गठबंधन दलों के साथ मिलकर अपनी एकता और शक्ति का प्रदर्शन किया. आपको बता दें कि 2019 में यहां से कांग्रेसी दिग्गज और पूर्व उपमुख्यमंत्री राजेंद्र सिंह ने चुनाव जीता था, जिनकी मौत हो गयी थी. इस कारण यहां उपचुनाव हो रहा है. यहां से राजेंद्र सिंह के बेटे अनूप सिंह को कांग्रेस ने चुनावी मैदान में उतारा है.

भाजपा के प्रत्याशी योगेश्वर महतो के नामांकन में जुटे भाजपा और आजसू के दिग्गज
भाजपा के बेरमो से प्रत्याशी योगेश्वर महतो उर्फ बाटुल के नामांकन में भाजपा और आजसू के दिग्गजों का जुटान हुआ. योगेश्वर महतो पहले नामांकन करने पहुंचे. इस मौके पर उनके साथ भाजपा के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे. इस दौरान यहां आजसू के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी भी मौजूद रहें. यहां भाजपा और आजसू ने अपना मजबूती से एकता को प्रदर्शित किया. इस मौके पर भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर महतो बाटुल ने कहा कि झारखंड में नौ माह की हेमंत सोरेन की सरकार से लोग नाराज है. सरकार ने किसानों के हितों को लेकर जो घोषणाएं की थी, उसको धरातल पर नहीं उतारा. महिलाओं के लिए मिली एक रुपये में रजिस्ट्री को बंद कर साफ कर दया कि जनविरोधी सरकार है. जनता हर हाल में उनको जीतायेगी. भाजपा के बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को भी लागू होने से रोक रही है. खुद राज्य सरकार जनता के विकास या हित को लेकर कोई कदम नहीं उठा रही है. जनता जान चुकी है कि हेमंत सोरेन की सरकार सिर्फ अपना निजी लाभ देख रही है. ट्रांस्फर-पोस्टिंग का खेल खेला जा रहा है, इस कारण बेरमो और दुमका में भाजपा को ही जनता जीतायेगी.

कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन, सीएम समेत तमाम सत्ता पक्ष के लोग शामिल हुए
कांग्रेस के बेरमो प्रत्याशी कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन हुआ. अपनी मां समेत तमाम बड़ों का आर्शीवाद लेकर जयमंगल सिंह नामांकन करने पहुंचे. बेरमो विधानसभा से महागठबंधन और कांग्रेस के प्रत्याशी कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के नामांकन में अनूप सिंह का नामांकन करवाने उनके छोटे भाई सह युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव सारथी के रूप में शामिल हुए. दोनों को देख युवाओं की फौज काफी खुश व उत्साहित थे. वहां से पास के ही मैदान में आयोजित जनसभा में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री बादल पत्रलेख, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव, मंत्री और राजद के नेता सत्यानंद भोक्ता समेत तमाम नेताओं ने हिस्सा लिया. इस दौरान अनूप सिंह को जीताने की अपील मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की. हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र की सरकार ने कोरोना को बढ़ाया है और लोगों का जीना मुहाल कर दिया है तो जनता को राहत देने के लिए हर वो कदम झारखंड की सरकार ने किया है. उन्होंने कहा कि राजेंद्र बाबू के सपने को साकार करने के लिए वोट मांगा. इस मौके पर खुद अनूप सिंह ने कहा कि वे अपने पिता राजेंद्र सिंह के सपने को साकार करने के लिए आये है. राजेंद्र बाबू हमेशा बेरमो के लिए ही बने रहे और बेरमो के लिए ही काम किया है और आने वाले समय में अगर जनता मौका देगी तो जरूर काम करेंगे.

जमशेदपुर के कई नेताओं ने अनूप के नामांकन में लिया हिस्सा
अनूप सिंह के नामांकन में कांग्रेस और इंटक के कई नेताओं ने हिस्सा लिया. कांग्रेस के जमशेदपुर जिलाध्यक्ष विजय खां, टेल्को यूनियन के पूर्व महामंत्री चन्द्रभान सिंह, नवचेतन के सचिव रमन झा, कांवाई यूनियन के अमरजीत सिंह बाटे, जयनारायण सिंह, संजय ठाकुर, शिवनारायण रजक, युवा कांग्रेस के डॉ परितोष सिंह, संजीव कुमार, गोपाल यादव समेत अन्य शामिल हुए. परितोष और संजीव ने नामांकन से पूर्व अंग वस्त्र प्रदान कर जीत की अग्रिम बधाई दी.

इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के अध्यक्ष विजय खॉ एवं ब्रजेन्द्र तिवारी, संजय सिंह आजाद, पवन कुमार बबलू, गोपाल यादव जिला अध्यक्ष असंगठित कांग्रेस, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, महामंत्री आरके सिंह, प्रवीण सिंह, कमिंस युनियन के रामाकांत करूवा, एचएस सैनी, अनिल कुमार शर्मा, अनुज कुमार सिंह, ए भद्रा, रंजीत, गुरप्रीत सिंह, विवेक कुमार शामिल होने हेतु तेनुघाट अनुमण्डल पदाधिकारी के कार्यालय में कांग्रेसजन उपस्थित हुए.






