
रांची : एक तो कम मानदेय और ऊपर से अगर किसी होमगार्ड का पैसा ही नहीं मिले तो कैसी मुश्किल से होमगार्ड के जवान गुजरते होंगे, यह सहज ही समझा जा सकता है. पिछली रघुवर की सरकार ने होमगार्ड के जवानों का दर्द नहीं समझा था, लेकिन अब हेमंत सोरेन की सरकार ने होमगार्ड जवानों के बकाया मानदेय देने के लिए अपने आकस्मिकता निधि से 32 करोड़ 6 लाख 43 हजार रुपये की एडवांस राशि का भुगतान कर दिया है. इसको जल्द ही कैबिनेट से मंजूरी लेने के बाद इसकी राशि को वितरित करने के लिए जिले में भेज दिया जायेगा. लोकसभा चुनाव-2019 में प्रतिनियुक्त किए गए होमागार्ड (गृहरक्षकों) के कर्तव्य भत्ता आदि के भुगतान के बाद गृहरक्षकों के बाद की अवधि के मानदेय और आकस्मिक ड्यूटी में किये गए कार्यों के लिये भुगतान करने के लिए आवंटन का अभाव था. मुख्यमंत्री ने अपनी प्राथमिकता के तहत ऐसे मामलों में जल्द से जल्द भुगतान किए जाने का निर्देश दिया था. इसी क्रम में सोमवार को मुख्यमंत्री ने गृहरक्षकों के मानदेय भुगतान के लिए झारखंड आकस्मिकता निधि से 32 करोड़, 06 लाख, 43 हजार ₹ अग्रिम की स्वीकृति दी है.







