रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित राज भवन में भेंट की. वार्ता के क्रम में राज्यपाल ने महाशिवरात्रि पर्व के दिन हजारीबाग में घटित हिंसा की घटनाओं की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया. इसके अलावा, राज्यपाल ने राज्य में पेसा कानून (पेसा एक्ट) को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए शीघ्र नियमावली गठित करने हेतु भी कहा. बताया जाता है कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी. लेकिन हजारीबाग में हुए हिंसा की जानकारी लेने के लिए भी राज्यपाल ने अपनी ओर से पहल की और सारी जानकारी हासिल की. राज्यपाल ने राज्य में पेसा कानून को लटकाकर रखने पर भी सवाल पूछे. मुख्यमंत्री पर एक तरह से राजभवन से दबाव बनाने की कोशिश की गयी कि पेसा कानून को तत्काल लागू किया जाये. हजारीबाग हिंसा में दोषियों पर कार्रवाई करने को राज्यपाल ने दिशा निदेश दिया और हर तरह की जानकारी देने को कहा गया है. एकतरफा कार्रवाई नहीं हो, यह सुनिश्चित कराने को राज्यपाल ने निर्देश दिया है.














