रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य सरकार के प्रस्ताव पर तत्काल निर्णय लेते हुए राज्य के पूर्व मुख्य सचिव आइएएस एल खियांग्ते को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) का अध्यक्ष (चेयरमैन) नियुक्त कर दिया है. राज्यपाल ने आशा व्यक्त की कि राज्य में नियुक्ति प्रक्रिया तेज होगी तथा आयोग द्वारा सभी परीक्षाओं का संचालन निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप समयबद्ध और सुचारु रूप से हो सकेगा. आयोग की कार्यप्रणाली में गति एवं पारदर्शिता आएगी. आपको बता दें कि जेपीएससी का चेयरमैन का पद करीब 6 माह से खाली पड़ा हुआ था, जिससे कई परीक्षाएं और प्रतियोगिता परीक्षा नहीं हो पा रही थी. इसको लेकर हाईकोर्ट से लेकर राज्यपाल द्वारा आपत्ति जतायी गयी थी. (नीचे भी पढ़ें)
एल खियांग्ते 1988 बैच के झारखंड कैडर के आइएएस अधिकारी है. 1987 में उन्होंने यूपीएससी की परीक्षा पास की थी. वह आदिवासी समुदाय से आते है और मिजोरम के मूल निवासी है. इतिहास से उन्होंने ग्रेजुएशन किया है. वे आइएएस के तौर पर बिहार और झारखंड में कई पदों पर रह है. वे मुख्य सचिव के पद को सुशोभित कर चुके है. अब उनकी नियुक्ति के बाद कई नयी बहाली का रास्ता खुल जायेगा. 11वीं और 13वीं 342 पदों के लिए होने वाली सिविल सेवा परीक्षा, 64 पदों के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी और 56 पद के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारी की परीक्षाएं रुकी हुई थी, जिसकी परीक्षा अब हो सकेगी. कई परिक्षाएं होकर रिजल्ट जारी नहीं हो पा रही है. अब लोगों को आशा है कि बहाली की परीक्षा का रिजल्ट जल्द सामने आ जायेगा.














