
रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी आरपीएन सिंह ने नए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ बैठक कर कहा कि संगठन मजबूती के लिए पूरी टीम ग्रामीण कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए और पार्टी के सिद्धांतों का ख्याल रखते हुए कार्यक्रम के आयोजन पर बल दिया. उन्होंने कहा कि राज्य के आला अधिकारियों को नसीहत दी है. श्री सिंह ने कहा कि अगर वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बात को नहीं सुनते है, तो तमाम कार्यकर्ता ऑफिस मे जाकर उन्हें समझाने का काम करेंगे. प्रभारी श्री सिंह ने कहा कि नयी टीम कार्यकर्ताओं के हितों का ख्याल रखे, साथ ही प्रदेश अध्यक्ष व कार्यकारी अध्यक्ष जिले के हर ब्लाक तक का दौरा करें. इस दौरान राज्य के तमाम लोगों से संवाद स्थापित करें. आरपीएन सिंह ने कहा कि झारखंड कांग्रेस की नयी टीम के नेतृत्व में पार्टी का झंडा हर घर तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं हर कोने तक पहुंचाने का काम करेंगे. इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछड़ी जातियों को 27 प्रतिशत आरक्षण, नियोजन नीति को बेहतर तरीके से सुधार कर झारखंड राज्य के नवजवानों को नौकरी देने पर आज भी हम कायम है. साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड में सीएनटी और एसपीटी में किसी तरह का संशोधन नहीं किया जाएगा. नयी नियोजन नीति पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बातचीत करने की बात कही. साथ ही साथ विस्थापन आयोग का भी गठन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकार ने एक लैंडबैंक बनाया था, उस लैंडबैंक में झारखंड के गरीबों की जमीन ली गयी थी. अब कांग्रेस सरकार से मांग करेगी कि वह लैंडबैंक की जमीन गरीबों को लौटाया जाए. दूसरी ओर, जमशेदपुर के इंटक सह कांग्रेस नेता और टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर से मुलाकात की और संगठनात्मक चर्चा की. इस दौरान कई मुद्दों पर चर्चा की गयी. संगठन को मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया.





