देवघर : देवघर स्थित बाबा धाम में सोमवार को श्रावणी मेले की शुरुआत हुई. राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मंत्री बादल पत्रलेख ने श्रावणी मेला, 2023 का विधिवत उद्घाटन किया. इस दौरान झारखण्ड सीमा पर अवस्थित दुम्मा कांवरिया पथ श्रावणी मेला का विधि-विधान पूर्वक शुभारंभ कराने हेतु 11 वैदिक पुरोहितों द्वारा बाबा बैद्यनाथ की पूजा के साथ ही विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला, 2023 का शुभारंभ हो गया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा पूजा समाप्ति के पश्चात अतिथियों द्वारा फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर श्रावणी मेले का उद्घाटन किया गया. उद्घाटन समारोह की शुरुआत उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के स्वागत भाषण से हुई. इसमें उन्होंने मंत्री श्री पत्रलेख के साथ ही आगत सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए मेले में तीर्थयात्रियों के लिए मुहैया कराई गई सुविधाओं की जानकारी दी. उपायुक्त ने बताया कि 19 वर्षों के बाद ऐसा श्रावणी मेला आया है, जिसमें 8 सोमवार पड़ेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में बाबा नगरी देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा मुहैया कराने को कटिबद्ध है.(नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि कांवरिया पथ में गंगा नदी का बालू बिछाया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को चलने में परेशानी नहीं हो. साथ ही, सभी के सहयोग से जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि देवघर आने वाले श्रद्धालुओं को सुलभ व सुरक्षित जलार्पण कराया जा सके. वहीं उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश पर मेले के दौरान वीआइपी, वीवीआइपी एवं आउट ऑफ टर्न दर्शन पूर्णरूप से बंद रहेगा. ऐसे में आवश्यक है कि आप सभी इस दिशा में सहयोग करें, ताकि बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं को जलार्पण में कोई कठिनाई न हो.(नीचे भी पढ़ें)

मंत्री बादल पत्रलेख ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री की अगुआई में हम सभी मिलकर बाबा के भक्तों का स्वागत करेंगे. राज्य सरकार व जिला प्रशासन के साथ-साथ हम सभी के लिए यह अवसर है कि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझें. सभी की भागीदारी के बिना इतना बड़ा आयोजन कतई सफल नहीं हो सकता. उन्होंने कहा कि विगत वर्ष की तुलना में इस बार दोगुना श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. ऐसे में सभी मिलकर मेले का सफलता से आयोजन करें, ताकि यहां आने वाले देवतुल्य श्रद्धालु अच्छा अनुभव लेकर वापस लौटें. समारोह को विधायक नारायण दास सहित अन्य अन्य गणमान्य लोगों एवं पदाधिकारियों ने भी सभा को संबोधित किया. इस अवसर पर संथाल परगना के डीआइजी सूदर्शन भगत, पुलिस अधीक्षक सुभाष चन्द्र जाट, अनुमंडल पदाधिकारी दीपांकर चौधरी, प्रशिक्षु आइएएस अनिमेष रंजन, जिला नजारत उपसमाहर्ता परमेश्वर मुण्डा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी भी उपस्थित थे.




