
जमशेदपुर : झारखंड के बिजली विभाग के ऊर्जा मित्रों ने झारखंड भाजपा प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी से मिलकर अपना मांग पत्र सौंपा. पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने विभागीय सचिव से बातचीत की. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या का निराकरण कर दिया जायेगा. पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने ऊर्जा सचिव अविनाश कुमार से फोन पर बात करके ऊर्जा मित्रों की समस्याओं से अवगत करवाया. पूर्वी सिंहभूम जिले के बिजली विभाग के अनेकों ऊर्जा मित्रों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिस वजह से उनका परिवार चलाना मुश्किल हो चला है. वहीं बिना कारण बताए उन्हें काम से बैठाने की धमकी भी दी जा रही है. इस समस्या के समाधान हेतु ऊर्जा मित्रों ने झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी से मिलकर अपने 8 सूत्री मांग पत्र सौंपकर उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत करवाया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने झारखंड सरकार के ऊर्जा सचिव अविनाश कुमार से बात करके ऊर्जा कर्मचारियों की समस्याओं को उनके सामने रखा. ऊर्जा सचिव ने आश्वस्त किया कि बहुत जल्द ही उर्जा कर्मचारियों के समस्याओं का निदान कर दिया जाएगा और वे इस संबंध में महाप्रबंधक ( जमशेदपुर सर्किल) को जल्द ही निर्देशित करेंगे.






