
रांचीः धनबाद के जज उत्तम आनंद की मौत के मामले को लेकर शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. इस दौरान सीबीआई ने अदालत को जांच रिपोर्ट सौंपी. सीबीआई ने रिपोर्ट में कहा कि जज की मौत ऑटो के धक्के से ही हुई है. लेकिन इसके पीछे किसी का षड्यंत्र है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. ऐसे में कोर्ट ने सीबीआई को कहा है कि इस मामले की जांच अच्छी तरह से करके पता करें कि मौत के पीछे किसी का षड्यंत्र तो नहीं है. साथ ही अदालत ने दोनों आरोपितों को पर्याप्त सुरक्षा देने को कहा है.अदालत को अंदेशा है कि अगर कोई बड़ा षडयंत्र हुआ तो उनपर हमला हो सकता है. अदालत ने उन्हें हवाई जहाज से ही ले जाने और लाने को कहा है. इस दौरान सीबीआई ने नार्को टेस्ट को लेकर बताया कि जांच के लिए सैंपल भेजा गया है. इस पर कोर्ट ने कहा कि जो जांच रिपोर्ट आएगी, उसे भी प्लेन से लाया जाये.
मामले की वर्चुअल सुनवाई हुई. इस दौरान गृह सचिव और एफएसएल के निदेशक उपस्थित हुए. निदेशक ने अपना पक्ष रखते हुए अदालत को बताया एफएसएल के विस्तारीकरण के लिए टेंडर कर दिया गया है, जल्द ही इसे शुरू कर दिया जायेगा. शुरू होते ही सारी जांच प्रक्रिया अपने राज्य में ही होगा.सीबीआई ने अदालत को बताया था कि इस मामले के अभियुक्त की यूरिन और ब्लड सैंपल की जांच के लिए एफएसएल को भेजा गया था. लेकिन एफएसएल ने यह कहते हुए सैंपल लौटा दिया कि यूरिन और ब्लड सैंपल के विश्लेषण की सुविधा नहीं है और न ही यहां विशेषज्ञ हैं.इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए राज्य के गृह सचिव और एफएसएल के निदेशक को अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया था.





