
रांची : झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम ने बुधवार को 19 में से 17 जिले को मनरेगा के अंतर्गत चयनित लोकपाल को नियुक्ति पत्र सौंपा. रांची के प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित मनरेगा दिवस के मौके पर यह नियुक्ति की गयी. इसके तहत जमशेदपुर जिले में सनत कुमार महतो को मनरेगा का लोकपाल नियुक्त किया गया है. उनको ही सरायकेला-खरसावां जिले का भी प्रभार दे दिया गया है. उनको तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया गया है. जिले में मनरेगा के तहत होने वाले काम की मोनिटरिंग की जायेगी और डीआरडीए के अधीन यह संचालित होंगे. 10 फरवरी से उनको प्रभार लेने को कहा गया है. राज्य के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव डॉ मनीष रंजन के हस्ताक्षर से सारे लोगों को नियुक्ति का प्रमाण पत्र दिया गया है. इस मौके पर मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि मनरेगा योजना के क्रियांवयन को लेकर कई शिकायतें ऐसी है, जिसका निराकरण नहीं होने से न केवल भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण विकास परिवारों को योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है. इस कारण लोकपाल की नियुक्ति काफी अहम है. लोग लोकपाल की नियुक्ति के बाद कोई भी व्यक्ति लोकपाल कार्यालय ममें नि:शुल्क शिकायत दर्ज करा सकेगा. कोई भी व्यक्ति, जिसे मनरेगा से संबंधित अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ शिकायत है, स्वयं या अपने अधिकृत प्रतिनिधि द्वारा लोकपाल को लिखित शिकायत कर सकता है. 17 लोगों की जिले में नियुक्ति की गयी है. करीब डेढ़ साल से यह पद खाली था. इस मौके पर मनरेगा सचिव मनीष रंजन, आयुक्त बी राजेश्वरी समेत अन्य लोगों ने सभी को ईमानदारी से कार्य करने की बात कहीं. इस मौके पर बेहतर काम करने के लिए डीडीसी बोकारो, डीडीसी गोड्डा, डीडीसी खूंटी, डीडीसी कोडरमा, डीडीसी लातेहार, डीडीसी देवघर, डीडीसी पलामू, डीडीसी सिमडेगा, रांची डीडीसी के अलावा केरसई, मुरही, कोडरमा, सदर चाईबासा के बीडीओ को सम्मानित भी किया गया.




