
जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड में एक बार फिर से बारिश की संभावना जताई जा रही है. मौसम विभाग के विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के मुताबिक कल यानी गुरुवार से मौसम खराब होगा. आंशिक रूप से गुरुवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी यानी देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामतारा, पाकुड़ व साहेबगंज तथा निकटवर्ती मध्य हिस्सों यानी रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ में हल्की बारिश व वज्रपात की संभावना है. वहीं शुक्रवार और शनिवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है. रविवार से मौसम शुष्क रहेगा, परन्तु बारिश के कारण धुंध व कोहरा से लोगों को सुबह शाम परेशानी होगी. (नीचे भी पढ़ें)
ओलावृष्टि, तेज हवा के साथ गर्जन एवं आकाशीय बिजली गिरने से बचने के उपाय :-
- पॉली बैग में उगाई गई नर्सरी को मूल रूप से पॉलीहाउस के सुरक्षित स्थान पर रखें
- पॉलीहाउस की छत को प्लास्टिक या एल्यूमीनियम शीट से ढकें
- यांत्रिक क्षति से बचाने के लिए बाग फसलों के लिए ओलों के जाल का उपयोग करें
- केले की फसल, युवा फलदार पौधों और गन्ने की फसल एवं सब्जियों के पौधों को झुकने से रोकने के लिए सहायता प्रदान करें
- कटी हुई उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें
- ओलावृष्टि के दौरान बाहर जाने से बचें क्योंकि ओलावृष्टि के साथ अक्सर तेज बिजली भी आती है
- सड़क पर चलने वालों को रुक जाना चाहिए
- ओले तेज गति से गिरते हैं, इसलिए चोट से बचने के लिए सब्जी को जितना हो सके पुआल या सूखे पत्तों की मदद से ढक दें
- सरसों की फसल परिपक्व होने की स्थिति में दो दिनों में कटाई कर सुरक्षित स्थान पर खड़ा करके रखें
- सभी सब्जियों, खड़ी फसलों एवं फल बागों में वर्षा पानी का जमाव न होने दें एवं सुरक्षित पानी निकास के लिए ढलान क्षेत्र में नाला बनाए
- मवेशियों, मुर्गियों एवं बकरियों के घर को दुरुस्त कर लें, ताकि ओले व वर्षा पानी का रिसाव न हो.




