रांची : झारखंड में मैट्रिक परीक्षा का पेपर लीक होने को लेकर हंगामा मच गया है. झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता ने इस मामले को लेकर बड़ा खुलासा किया है. रांची स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पेपर लीक के मामले का खुलासा किया और बताया है कि दस लोगों की गिरफ्तारी अब तक हो चुका है. डीजीपी ने पत्रकारों से करते हुए बताया कि ट्रक से प्रश्न पत्रों को स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के दौरान पेपर लीक किया गया है. एक क्वेश्चन पेपर को ब्लेड से काटकर वायरल किया गया था. डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि जांच में यह बातें सामने आयी है कि ट्रक से पेपर स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए जिन मजदूरों को नियुक्त किया गया था, उनमें कुछ छात्र भी शामिल थे. इन्हीं छात्रों ने पेपर में से कुछ प्रश्नों को गायब कर दिया और इन्हें अलग-अलग इलाकों में भेज दिया. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने मंगलवार को गिरिडीह के न्यू बरगंडा में छापामारी कर इन छात्रों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार छात्रों के बयान पर पुलिस ने स्ट्रांग रूम तक पहुंचने वाली स्थिति का पता लगाया और पूरी प्रक्रिया की जांच की. जांच में पाया गया कि इन लड़कों ने सिस्टम की लापरवाही का लाभ उठाते हुए प्रश्न पत्र को गायब किया और फिर इसको लीक कर दिया. दूसरी ओर, कोडरमा पुलिस ने गिरिडीह के न्यू बरगंडा क्षेत्र में छापामारी कर छह छात्रों को हिरासत में लिया. जानकारी के मुताबिक, ये छात्र गिरिडीह में पढ़ाई कर रहे थे और पेपर लीक मामले में शामिल थे. इनमें से एक छात्र, कमलेश ने पेपर के प्रश्न पत्र को परीक्षा से पहले बेचकर 15 से 20 हजार रुपये की कमाई की थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि कई संदिग्ध लोग गिरिडीह में रह रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने गिरिडीह के दो घरों में सुबह-सुबह छापामारी की और इन छात्रों को गिरफ्तार किया. डीजीपी ने कोडरमा एसपी की भी तारीफ की और कहा कि इस मामले का परदाफाश करने में कोडरमा पुलिस का शानदार काम रहा है. एसडीपीओ अनिल सिंह के नेतृत्व में की गई इस छापामारी से कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. डीजीपी के अनुसार, इस मामले में अब तक दस लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं और आगे की जांच की जा रही है.














