रांची : चुटिया स्थित ब्लू शिवालिक होटल के सभागार में मां शारदे मंच की ओर से ‘सावन मिलन 2026 – सावन के झूले पड़े” कार्यक्रम उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य से जुड़ी महिलाएं एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे. सावन के गीत, नृत्य, संगीत और मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे माहौल को उल्लास से भर दिया. उपस्थित लोगों ने सावन के पारंपरिक रंगों और संस्कृति को जीवंत करते हुए कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर मुख्य अतिथि पंचदशनाम जूना किन्नर अखाड़ा के महामंडलेश्वर अमरजीत नंद गिरि की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. विशिष्ट अतिथि किरण चौधरी, रीता दुबे एवं रीना सिंह का भी मां शारदे मंच की ओर से सम्मान एवं अभिनंदन किया गया. कार्यक्रम का महत्वपूर्ण और विशेष आकर्षण किन्नर समाज की उन प्रतिभाशाली महिलाओं का सम्मान रहा, जिन्होंने समाज की रूढ़िवादी धारणाओं को पीछे छोड़ते हुए शिक्षा, नौकरी, व्यवसाय और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है. उनके संघर्ष, आत्मनिर्भरता और उपलब्धियों को मंच की ओर से सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
मां शारदे मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य साहित्यिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में कार्य करते हुए त्याग, करुणा और विश्वास के मूल मंत्र के साथ समाज में प्रेम, सम्मान, समानता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है. सावन मिलन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, मनोरंजक कार्यक्रमों, उपहार वितरण एवं सामूहिक भोजन ने आयोजन को यादगार बना दिया. कार्यक्रम का संचालन वीणा श्री ने किया. माँ शारदे मंच की सदस्य रश्मि रानी, वीणा श्री, शिखा प्रिया, सीमा श्रीवास्तव, पुष्पा सिंह, ऋतुराज वर्षा, समीर सिन्हा, विकास साह, संगीता शर्मा, प्रेमलता, कनकलता आदि साहित्यकारों, अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों के सम्मिलित प्रयास से कार्यक्रम सफल हुआ. इस अवसर पर मंच की अध्यक्ष नीतू सिन्हा ने कहा कि भविष्य में साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा को एक साथ जोड़ते हुए ऐसे सार्थक एवं भव्य आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे.




